31 मार्च से होगा खेल मेले का आगाज
स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहड़ू दो सौ पंचायतों में करेगा आयोजन
छात्र वमापा रोहड़ू में 10 मार्च को होगी मेले को लेकर बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहड़ू की ओर से नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत खेल मेले का आयोजन 31 मार्च से किया जा रहा है। खेल मेले को चौथी बार इस साल दो सौ पंचायतों में शुरू किया जा रहा है। खेल मेले की तैयारियों को लेकर खेल समागम का आयोजन दस मार्च को छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू में किया जाएगा।
इस संबंध में रोहड़ू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक हरनाम फिश्टा ने बताया कि खेल समागम में जिला शिमला से लगभग 100 खेल विशेषज्ञ 100 समन्वयक और रोहड़ू स्पोर्ट्स एसोसिएशन की पूरी टीम मंथन करेगी। खेल मेला 2019 को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए खेल समागम में विचार-विमर्श किया जाएगा। खेल मेले में इस बार दो नई गेम्स टेबल टेनिस और क्विज जोड़ा गया है। युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए उनको मैदानों की तरफ मोड़ने का सफल प्रयास एसोसिएशन चार वर्षों से कर रही है। मार्च में सभी खेल प्रेमियों को रोहड़ू स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से ब्वॉय स्कूल रोहड़ू में बुलाया गया है। रोहड़ू ब्लॉक से बाहर की टीमों को डायरेक्ट पंचायत स्तर पर और जिला शिमला की टीम को भी इस बार मौका दिया जा रहा है।