लूहरी के पास भारी भूस्खलन, एनएच 305 बाधित
शुश मूंगरी वाया कोटलु हो रही वाहनों की आवाजाही
एनएच प्राधिकरण एनएच बहाली में जुटा
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। लूहरी के पास पहाड़ी खिसकने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 बुधवार सुबह यातायात के लिए बाधित हो गया। एनएच बाधित होने से वाहनों की आवाजाही खासी प्रभावित हुई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों को सामान के साथ अपने गंतव्यों तक पहुंचने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
बुधवार सुबह पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पहाड़ी खिसकने के कारण एनएच पर मलबे का ढेर लग गया, जिस कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। वहीं सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण की मशीनें और मजदूर बाधित एनएच को बहाल करने में जुट गए। वहीं आनी के लिए वाहनों की आवाजाही वाया शुश मुंगरी वाया कोटलु होकर करवाई जा रही है। आनी के रमेश चंद, बाल कृष्ण, सोमदत्त ठाकुर, खुशी राम, ताबे राम आदि ने स्थानीय प्रशासन और एनएच प्राधिकरण से जल्द से जल्द एनएच को बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में एनएच प्राधिकरण के एसडीओ सुनील गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 को बहाल करने के लिए दो जेसीबी मशीनों सहित मजदूर तैनात किए गए हैं। वाहनों को वाया शुश तीहणी और कोटलु होते हुए भेजा जा रहा है। जल्द से जल्द एनएच को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया जाएगा। अड्डा प्रभारी आनी ओम ठाकुर ने बताया कि लूहरी के पास एनएच बंद होने से रामपुर और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को वाया शुश तथा रामपुर से करसोग और मंडी तेवन की ओर जाने वाले वाहनों को वाया माहोली नांज भेजा जा रहा है।