शिव के जयकारों से गूंजे शिवालय
प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से शाम तक लगा भक्तों का तांता
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। शिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र के मध्य बने प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से शाम तक भक्तों की कतारें देखने को मिली। मंदिर में शिवलिंग पर दूध-जल चढ़ाने पहुंचे विनित सूद ने बताया कि शिवरात्रि पर भीड़ होने के कारण काफी देर तक कतार में रहने के बाद भोले के दर्शन हो पाए। वहीं शिवरात्रि पर्व पर महिलाओं की खासी भीड़ मंदिरों में देखने को मिली। मंदिर कमेटी के सदस्यों की ओर से दोपहर बाद भक्तों के लिए घोटा भी तैयार किया गया। घोटा पीने में युवा पीड़ी में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं देवरी घाट के शिव मंदिर, सुभाष चौक के शिव मंदिर सहित जनोगघाट के शिव मंदिर में भक्तों की खासी भीड़ देखने को मिली।
ठियोग के हर्षदीप सिंह, सुनील ग्रोवर और वरूण सहित अन्य लोगों के अनुसार अपर शिमला में शिवरात्रि पर्व पर हर घर में मीठे और नमकीन पकवान सहित पापड़, पकोड़े आदि बनाए जाते हैं। इसके बाद हर घर में शुद्ध मिट्टी और गोबर का शिव परिवार बनाकर विराजमान किया जाता है। शिवरात्रि में शाम ढलते ही शिव परिवार की पूजा-अर्चना करने के बाद रात भर दीप भी जलाया जाता है। भगवान को सभी पकवानों का प्रसाद ग्रहण कर पूजा कर व्रत को तोड़ा जाता है। वहीं इसके बाद प्रथा यह है कि विभिन्न तरह के बनाए पकवानों को ब्याही बेटियों को भेजे जाते हैं, जिसे स्थानीय भाषा में बासी कहा जाता है।