किन्नौर में 32 परीक्षा केंद्रों में लगेंगे सीसीटीवी
वार्षिक परीक्षाओं के लिए शिक्षा बोर्ड ने किए पुख्ता इंतजाम
तीन स्तरीय उड़न दस्तों का भी किया गठन : शिक्षा विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर में राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के लिए 32 परीक्षा केंद्रों में 32 सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर रहेगी। वहीं भावानगर, कल्पा, कोठी, कटगांव, निचार, रिकांगपिओ, रिब्बा, सांगला और टापरी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कमरों के अलावा स्कूल परिसर में भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा 6 मार्च और दसवीं की वार्षिक परीक्षा 7 मार्च से शुरू हो रही है। इसी के मद्देेनजर किन्नौर में सीसीटीवी कैमरे के सहारे राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। जिला में करीब एक हजार परीक्षार्थी दसवीं और बारहवीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा देंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड वे नकल रोकने के लिए तीन स्तरीय उड़न दस्तों का गठन किया है। पहले उड़न दस्ते में बोर्ड के अधिकारी, दूसरे में उपनिदेशक शिक्षा और तीसरे उड़न दस्ते में उपमंडल दंडाधिकारी शामिल होंगे।
विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के शीघ्र मूल्यांकन करने के लिए मूल्यांकन की संख्या 31 से बढ़ाकर 53 की गई है। किन्नौर के उच्च शिक्षा उपनिदेशक योगेंद्र मखेक ने कहा कि किन्नौर में प्रश्न पेपर दो स्कूलों में रखे गए हैं, जिनमें कल्पा और पूह ब्लॉक के स्कूलों के लिए सेकेंडरी स्कूल रिकांगपिओ और निचार ब्लॉक के लिए भावानगर के सेकेंडरी स्कूल में रखे हैं। सारे प्रश्न पेपर अपनी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। उत्तर पुस्तिकाओं को स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा उपलब्ध किया जाएगा। वहीं शिक्षा बोर्ड द्वारा अपनी विशेष टीम गठित की गई है, जो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
डीएसपी किन्नौर नारायण सिंह ठाकुर के अनुसार हर परीक्षा केंद्रों में एक पुलिस कर्र्मचारी और एक गृहरक्षक का जवान सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया जाएगा। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने 14 फरवरी को शिक्षा बोर्ड अधिकारियों, जिला उपायुक्त, जिला के शिक्षा उपनिदेशक के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की थी।