अवैध रूप से बिक रही सेब की
पौध, विभाग ने कसा शिकंजा
बिना लाइसेंस के रामपुर बाजार में बेच रहे थे सेब के पौधे
विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर की संयुक्त कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। स्थानीय बाजार में अवैध रूप से सेब के पौध बेचने वालों पर उद्यान विभाग ने शिकंजा कस दिया है। उद्यान विभाग ने बिना लाइसेंस के सेब और अन्य फलों की पौध बेचने वालों पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। विभाग ने घाटी के बागवानों से अवैध रूप से सेब की पौध बेचने वालों से सावधान रहने की अपील की है।
बीते कुछ समय से रामपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सहित एनएच-5 पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग खुलेआम अवैध रूप से सेब की पौध बेच रहे हैं। उद्यान विभाग रामपुर के विषय विशेषज्ञ केएल ठाकुर के अनुसार बिना विभाग से पंजीकरण किए कई लोग अवैध रूप से सेब की नर्सरी बेच रहे हैं। ये लोग बागवानों को भी अच्छी किस्मों के सेब के पौधे बताकर गुमराह कर रहे हैं। वीरवार को पुलिस की सहायता से रामपुर पुराने बस अड्डे और आसपास अवैध रूप सेब के पौधों को बचने वालों पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा यहां से उन्हें हटाया गया है। लाइसेंसधारी नर्सरी उत्पादकों को भी सेब के पौधे जहां उन्होंने नर्सरी बनाई है से बेचने की अनुमति है, लेकिन खुलेआम बाजार में सेब के पौधे बेच नहीं सकते। विभाग ने बागवानों की जरूरत के अनुसार सभी क्षेत्रों में सेब के पौधे वितरित किए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना गुणवत्ता जांच के सेब के पौधे न लें। अवैध रूप से सेब बेच रहे लोगों पर कार्रवाई करते समय उद्यान विकास अधिकारी मुख्यालय बलवीर चौहान, उद्यान प्रसार अधिकारी रामपुर अमर चंद सहित पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।