एयर स्ट्राइक के बाद किन्नौर में हाई अलर्ट
जिले के पुलिस थानों, चौकियों और चैक पोस्टों को जारी किए निर्देश
संदिग्ध व्यक्ति और गतिविधियों की पुलिस को दें जानकारी : साक्षी वर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत की ओर से एयर स्ट्राइक करने के बाद हिमाचल सहित किन्नौर जिले में पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जिला पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी पुलिस थानों, चौकियों और चैक पोस्टों पर सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक ने जिले के ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर शक होने पर उसकी सूचना पुलिस को देने की हिदायत भी दी गई है।
किन्नौर की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि किन्नौर के सभी थाने, चौकी और चैक पोस्टों पर सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गई है। जिले के छह पुलिस थाने, चार स्थायी और अस्थायी पुलिस चौकी और तीन चैक पोस्टों पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना, चौकी और चेक पोस्टों के प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं और वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखें। जरूरत पड़ने पर उस वाहन की तलाशी भी ली जा सकती है। अप्रवासी मजदूरों, फैरी वाले और गांव में घुमंतू व्यापारियों पर भी पुलिस को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध लगता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी और थाने में इसकी सूचना दें। हिमाचल पुलिस के डीजीपी द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के एसपी को हाई अलर्ट रहने की निर्देश जारी किए गए हैं। एसपी ने सभी थानों, चौकी और चैक पोस्ट के इंचार्जों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाएं।