विधायक ने किया रामपुर कॉलेज का दौरा
एनएसयूआई विधायक को समस्याओं से करवाया अवगत
कहा-कॉलेज प्रशासन समस्याओं को सुलझाने में असफल
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल पीजी कॉलेज रामपुर की एनएसयूआई इकाई ने कॉलेज में छात्रों को पेश आ रही समस्याओं के हल नहीं होने पर रोष जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक नंद लाल को मौके का दौरा भी करवाया। बीते वीरवार को भूस्खलन के कारण कॉलेज का भवन और स्टेज खतरे के जद में आ गए हैं। वहीं कैंटीन की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है।
इकाई के पदाधिकारियों के अनुसार इस बारे कॉलेज प्रशासन को भी कई बार अवगत करवाया, लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। विधायक ने कॉलेज के सभी विभाग प्रमुखों को घटना स्थल पर बुलाया और पूरे मामले में कड़ा संज्ञान लिया। इस दौरान स्थानीय विधायक ने निर्देश दिए कि भूस्खलन से जो नुकसान हुआ है, उसे तुरंत प्रभाव से दुरुस्त किया जाए। यदि फंड की जरूरत पड़ती है तो वे अपनी निजी निधि से भी नुकसान की भरपाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि कॉलेज का विकास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है और वर्तमान सरकार ने इस कॉलेज के विकास कार्यों की ओर ध्यान नहीं दिया। भाजपा प्रदेश में क्षेत्रवाद की राजनीति करती आई है। परिसर अध्यक्ष शीतल ठाकुर ने कहा कि कॉलेज प्रशासन का यदि यही रवैया रहा तो कॉलेज का विकास नहीं हो पाएगा। कॉलेज का दौरा करने के लिए उन्होंने इकाई की ओर से विधायक का आभार जताया है। इस मौके पर इकाई उपाध्यक्ष सूरज, पूर्व पीटीए अध्यक्ष राजेश गुप्ता, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राहुल सोनी, प्रिंस शर्मा, हिमांशु, संतोष कायथ, देव ठाकुर, पुनीत, अंजली, मुकुल, खुशी, सुरुचि और साक्षी सहित अन्य मौजूद रहे।