भारी बर्फबारी से मूलभूत
सुविधाओं से वंचित हुए लोग
13 पंचायतों की हजारों की आबादी झेल रही परेशानी
चार दिन से बिजली सप्लाई और पेयजल किल्लत ठप
बीरबल नेगी
सांगला(किन्नौर)। बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी से काजा वैली पूरी तरह से बर्फ की सफेद में चादर से ढक गई है। बर्फबारी से सभी व्यवस्थाएं बिगड़ चुकी हैं। वैली की 13 पंचायतों के हजारों लोग बीते चार दिन से बिजली और पेयजल किल्लत की समस्या झेलने के लिए मजबूर हैं। क्षेत्र की सड़कें भी बर्फबारी से बंद पड़ी हैं और लोगों को आवाजाही करने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
जनजातीय क्षेत्र लाहौल स्पीति जिले की काजा वैली में करीब 60 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। समूचे क्षेत्र शीतलहर और बर्फीली हवाओं की चपेट में है। मुख्य मार्ग बाधित होने से काजा का देश दुनिया से संपर्क कट गया है। क्षेत्र की लोसर, हल, खुरीक, किब्बर, लांगचा, डेमूल, काजा, डंगखर, ताबो, ग्यू, गुंगरी, सगनम और लालुंग इस तरह एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों की करीब 12 हजार की आबादी कंपकंपाती ठंड में जीवन गुजर बसर करने को मजबूर है। भारी हिमपात के चलते क्षेत्र में बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से ग्रामीण वंचित हैं।
बर्फबारी में पर्यटकों का दल भी फंसा
मंगलवार को कोलकाता, रांची, झारखंड और चेन्नई सहित देश के अन्य राज्यों से स्पीति वैली घूमने पहुंचे दो दर्जन से अधिक सैलानियों का एक दल भी भारी बर्फबारी के कारण फंस गया है। सड़कों के अस्थायी रूप से बंद होने और नालों में आए हिमखंडों के कारण दल काजा में ही फंसा हुआ है। मुंबई, कोलकाता, गोवा, चेन्नई के आदिराज, कौस्तुव रॉय, शोनिक बासुरॉय, सुपर्णा सैन, सौविंग मुखर्जी, आशीष बुदिया, गोतम शाही, विशाल बादवाणी, मनीष जलांग, सामुजीत शाह और कौशिक सूत्रधार सहित कई अन्य सैलानियों के अनुसार वे सुरक्षित हैं और मार्ग बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
उधर, एसडीएम काजा जीवन नेगी के अनुसार क्षेत्र में भारी बर्फबारी से बाधित सड़कों को मौसम खुलते ही बहाल करने का कार्य शुरू किया गया है। सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को बर्फ हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता किन्नौर विमल नेगी के अनुसार काजा स्पीति की तरफ बिजली बहाल करने के हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बर्फबारी से कई स्थानों में विद्युत लाइनों को काफी क्षति पहुंची है।