जर्जर भवन में रहने को मजबूर
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी
23 साल पहले बना है पीएचसी खोलीघाट का भवन
ननखड़ी की चार पंचायतों के लोग होते हैं लाभान्वित
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की खुन्नी-पनोली पंचायत में बना उप स्वास्थ्य केंद्र खोलीघाट स्टाफ भवन जर्जर हालत में है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही कभी भी यहां रहने वाले कर्मचारियों पर भारी पड़ सकती है।
उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण करीब 23 वर्ष पहले किया गया था। बीते पांच वर्षों से भवन की हालत काफी ज्यादा बदतर बनी हुई है। यहां अकसर हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। यह भवन अब रहने योग्य नहीं है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस समस्या की कोई सुध नहीं ले रहा है। ननखड़ी की चार पंचायतों के हजारों लोग इस उप स्वास्थ्य केंद्र से लाभान्वित होते हैं, लेकिन यहां तैनात स्टाफ के लिए बने आवासीय भवन की हालत बेहद खस्ता है। खुन्नी-पनोली पंचायत प्रधान कुलदीप मेहता, जाहू पंचायत प्रधान कृष्णा मेहता, उपप्रधान जाहू कुलदीप ठाकुर, हरि सिंह नलवा, खेम राज, राकेश, मदन लाल, अशोक कुमार और राज श्याम ने प्रशासन से खस्ताहाल भवन को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। बीएमओ ननखड़ी महेंद्र पाल शर्मा ने भी माना कि भवन खस्ता हाल है।