भूस्खलन की जद में आया ग्रांगे गांव
एनएच विस्तार में कार्यरत कंपनी और प्राधिकरण के खिलाफ केस
लगातार हो रहे भूस्खलन से चलते गुस्साए ग्रामीणों ने उठाया कदम
भावानगर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के नाथपा में नेशनल हाईवे पांच पर भूस्खलन का सिलसिला थम नहीं रहा है। निचार खंड का ग्रांगे गांव भी अब भूस्खलन की जद में आ गया है। खौफजदा ग्रामीणों ने भावानगर पुलिस थाना में एनएच विस्तार में कार्यरत कंपनी और एनएच प्राधिकरण के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इससे कंपनी और एनएच प्राधिकरण की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत में ग्रांगे गांव के लोगों ने नाथपा में नेशनल हाईवे पांच के विस्तार का कार्य कर रही कंपनी की ओर से हैवी ब्लास्टिंग किए जाने का आरोप लगाया है। लोगों के अनुसार हाईवे के ऊपरी तरफ से बड़े पैमाने पर भूस्खलन शुरू होना बताया गया है। भूस्खलन के कारण एनएच कई दिनों तक यहां बाधित रहा। वहीं कई लोगों के सेब के बगीचे और खेत भी जमींदोज हुए हैं। यहां दिन-प्रतिदिन स्थिति बेहद खतरनाक बनती जा रही है। यदि भूस्खलन रोकने के लिए तुरंत ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रांगे गांव भूस्खलन की चपेट में आ सकता है। प्रशासन ने एनएच प्राधिकरण को भूस्खलन रोकने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
ग्रांगे निवासी रिंज लाल ने भावानगर पुलिस थाना में एनएच विस्तार करने का कार्य कर रही कंपनी और एनएच प्राधिकरण के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इसके अलावा जिन लोगों के खेत भूस्खलन की चपेट में आए हैं, उनमें रिंज लाल, नितिन कुमार, मनोहर सिंह, तारा चंद, कुलवीर, राधा कृष्ण और पाल सुख सहित कई लोग शामिल हैं। भूस्खलन की चपेट में शुरूआती दौर में दो लोगों के खेत क्षतिग्रस्त हुए थे, लेकिन तेजी से हो रहे भूस्खलन ने कई अन्य लोगों के खेतों को भी चपेट में लिया है। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश पाल ने सिंगला कंपनी और एनएच प्राधिकरण के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है।