हाटू पीक पर 46 सेंटीमीटर बर्फबारी
नारकडा के पास एनएच-5 बंद, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भारी हिमपात से समूचे क्षेत्र की पहाड़िया बर्फ से लबालब हो गई हैं। क्षेत्र में सोमवार को रात से हुई बर्फबारी से नारकंडा की हाटू पीक में 46 सेंटीमीट तक ताजा बर्फबारी हुई है।
नारकंडा में एनएच पांच यातायात के लिए पूरी तरह बंद है। रामपुर से शिमला जाने वाली परिवहन निगम की बसों को वाया बसंतपुर सुन्नी होकर भेजा जा रहा है। बर्फ गिरने से समूचे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। लोग ठंड के चलते घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। भारी हिमपात से क्षेत्र में बिजली, पानी और परिवहन की सेवाएं भी ठप हो गई हैं। बर्फ गिरने से सेब के लिए जरूरी चिलिंग आवर की प्रक्रिया भी अब पूरी हो गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बर्फबारी कृषि और बागवानी के लिए फायदेमंद होगी और इससे भविष्य में उम्दा पैदावार होने की संभावना भी बढ़ गई है। इस बार हुई भारी बर्फबारी के बाद बागवान अपने बगीचों का कार्य पूरा कर सकते हैं। स्कीइंग स्लोप धोमड़ी में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। नारकंडा से कुमारसैन और शिमला की ओर विभाग ने बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। तीन स्नो कटर और दो जेसीबी मशीनों की सहायता से विभाग के कर्मी एनएच पांच पर बर्फ हटाने के लिए कसरत कर रहे है। वहीं फिसलन वाली जगहों पर रेत डाली जा रही है।