अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। एक माह से नेरवा-क्यारनू-रानवी मार्ग पर परिवहन निगम की बस सेवा बंद पड़ी है। बारिश के बाद क्षतिग्रस्त इस सड़क को खोलने में लोक निर्माण विभाग अभी तक नाकाम रहा है। धवान्दली, रानवी तथा कोटी सरांह के लिए एक महीने से बस सेवा बंद होने के कारण लोग काफी परेशान हैं। वहीं नेरवा रुसलाह बस भी पंद्रह दिनों से नहीं चल रही है।
नेरवा-क्यारनू-पौडिया मार्ग पर बेलग पुल के समीप सड़क ध्वस्त हो जाने के कारण ग्राम पंचायत पौडिया तथा रुसलाह के लोगों का पंद्रह दिनों तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है। ग्राम पंचायत पौडिया के पूर्व प्रधान राजेंद्र हिमटा, पंचायत समिति सदस्य कृष्ण रान्टा, लायक राम, रविंद्र सिंह, केसर सिंह, सुख राम, सोहन लाल, राम लाल, सुरेश कुमार, भागमल, भिंदर सिंह, रोशन लाल, चंद्रेश्वर शर्मा, तपेंद्र शर्मा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिनेश गाजटा, दीपक, मोहन लाल ने विधायक बलबीर वर्मा से आग्रह किया कि लोक निर्माण विभाग को जल्दी सड़क बहाल करने के निर्देश जारी किए जाएं। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एस पॉल के अनुसार पूरी सड़क ध्वस्त हो जाने के कारण समस्या आई है, सड़क पर डंगा लगाया जा रहा है।