नेरवा (रोहड़ू)। स्थानीय कॉलेज नेरवा की एबीवीपी इकाई ने मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से मांग की है कि छात्र संघ चुनावों को बहाल किया जाए, केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर इसका निर्माण शीघ्र से शीघ्र किया जाए।
एबीवीपी सदस्यों ने प्रदेश सरकार से मांग उठाई कि एससी, एसटी छात्रवृत्ति घोटाले की जांच सीबीआई से करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने, एसएमसी के तहत की जा रही आउट सोर्स भर्तियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाकर नियमित भर्तियां किए जाने, खनन माफिया और नशा माफिया पर नकेल कसने के लिए कारगर कदम उठाए जाने की मांग की है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से विशेष जागरूकता शिविर लगाने का आग्रह किया है। इस मौके पर ज्योति चौहान, नेरवा इकाई के अध्यक्ष पंकज व सचिव मनीषा भी उपस्थित थी।