कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में भारी हिमपात से समूचे क्षेत्र की पहाड़ियां बर्फ से लबालब हो गई हैं। वीरवार रात से शुरू हुई बर्फबारी का क्रम शुक्रवार सुबह तक जारी रहा, जिसके कारण नारकंडा के हाटू पीक में पांच फुट से अधिक मोटी बर्फ की परत जम गई है।
शुक्रवार को एनएच पांच सहित कुमारसैन और कोटगढ़ क्षेत्र के अधिकांश रूटों पर निगम सहित अन्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। नारकंडा में 75 सेंटीमीटर और मतियाना में 45 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। बर्फवारी से वीरवार शाम पांच बजे से एनएच पांच यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहा और रामपुर से शिमला के लिए वाहनों की आवाजाही वाया बसंतपुर सुन्नी से हो रही है। भारी बर्फबारी के कारण क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शीत लहर का प्रकोप जारी है। लोग ठंड के चलते घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। भारी हिमपात से क्षेत्र में बिजली, पानी और परिवहन सेवाएं खासी प्रभावित हुई हैं। हालांकि बर्फ गिरने से सेब के लिए जरूरी चिलिंग आवर्स की प्रक्रिया पूरी हो गई है। यह बर्फबारी किसानों और बागवानों के लिए भी राहत लेकर आई है। फसलों को रोगमुक्त रखने और उम्दा पैदावार की संभावना भी बढ़ गई है।
वहीं स्नो सिटी नारकंडा में 12 फरवरी से स्पेशल ओलंपिक की नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस चैंपियनशिप में देश भर से 300 के करीब खिलाड़ी भाग लेंगे। पदाधिकारियों ने स्कीइंग स्लोप धोमड़ी में प्रतियोगिता से संबंधित तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब स्कीइंग स्लोप धोमड़ी में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। नारकंडा से कुमारसैन और शिमला की ओर विभाग ने बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। तीन स्नोकटर और दो जेसीबी मशीनों की सहायता से विभाग के कर्मी एनएच पांच पर बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। फिसलन वाले स्थानों पर रेत डाली जा रही है।