पलिंगी-निचार मार्ग पर बर्फबारी
हटाने में खानापूर्ति कर रहा विभाग
16 किलोमीटर सड़क पर कहीं भी पासिंग के लिए जगह नहीं
विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिला के पलिंगी-निचार संपर्क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग बर्फबारी हटाने में खानापूर्ति कर रहा है। निचार खंड की चार पंचायतों के करीब 13 हजार की आबादी इस सड़क से लाभान्वित होती है। ऐसे में ग्रामीणों ने हाल ही में हुई बर्फबारी से आंशिक रूप से अवरुद्ध हुई उक्त सड़क से बर्फ को सही तरीके से न हटाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने पलिंगी-निचार 16 किलोमीटर सड़क पर बर्फबारी को सही तरीके से नहीं हटाया है। इसके चलते मार्ग पर हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। वहीं इतने लंबे मार्ग पर कहीं वाहनों के लिए पासिंग की भी व्यवस्था नहीं की है। इस तरह की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। सड़क पर फिसलन को रोकने के लिए भी विभाग द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते लोगों के कई वाहन स्लिप होकर आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त भी हो रहे हैं। प्रधान पोंडा राजकुमारी नेगी, महासचिव कांग्रेस कमेटी निचार ब्लॉक देवेंद्र सिंह नेगी, सोशल मीडिया प्रभारी विकास नगर बरी राकेश नेगी, बीडीसी सुंगरा दलीप सिंह नेगी, उपप्रधान सुंगरा राकेश नेगी, अमृत नेगी, डीडी नेगी, संजीव नेगी और अरविंद नेगी सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोनिवि से उक्त सड़क को दुरुस्त कर निचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक बहाल करने और वाहनों के लिए पासिंग की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग भावानगर के अधिशासी अभियंता आरएल चौहान के अनुसार विभाग ने निचार सड़क से बर्फ को हटाया है। यदि सड़क पर बर्फ जमने से दिक्कतें पेश आ रही हैं तो लोगों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए विभाग जल्द मार्ग को दुरुस्त कर देगा।