रोहड़ू। कोटखाई में लोक निर्माण के नए मंडल को स्वीकृति देकर प्रदेश सरकार ने क्षेत्रवासियों की तीन दशक से चली आ रही मांग को पूरा किया है। प्रदेश सरकार ने नए लोनिवि मंडल के लिए स्टाफ की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। मंडल के लिए कुल 19 पद सृजित किए गए हैं। अब कोटखाई लोनिवि डिविजन स्वतंत्र रूप से कार्य करेगा। मंडल के अधीन क्षेत्र की 24 पंचायतों सहित एक नगर पंचायत की जिम्मेवारी होगी। यह मंडल रोहड़ू वृत्त-14 में शामिल किया गया है। साथ ही लोनिवि के कलबोग उपमंडल तथा कोटखाई उपमंडल को भी कोटखाई मंडल के अधीन किया गया है। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दी है।
कोटखाई में स्वीकृत हुए लोक निर्माण विभाग के नए डिविजन में एक पद अधिशासी अभियंता, एक पद सहायक अभियंता, एक पद अधीक्षक ग्रेड-2, दो पद वरिष्ठ सहायक, चार पद जेओए(आईटी), एक पद डिविजनल अकाउंट अधिकारी, एक पद स्टेनो टाइपिस्ट, दो पद कनिष्ठ अभियंता, एक पद पटवारी, तथा तीन पद चपरासी के सृजित किए गए हैं। अभी तक कोटखाई क्षेत्र जुब्बल लोनिवि मंडल के अधीन था। अब जुब्बल लोनिवि मंडल सिर्फ जुब्बल की ही 24 पंचायतों का कार्यभार संभालेगा। जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।
मुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक नरेंद्र बरागटा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की बीते तीन दशक से कोटखाई में लोनिवि का मंडल खोलने की मांग थी। जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूरा कर दिया है। नए लोनिवि मंडल के लिए पद भी सृजित कर दिए गए है। क्षेत्र के लिए प्रदेश सरकार की ओर से यह बहुत बढ़ी सौगात है।