रामपुर बुशहर। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में बीते तीन दिनों तक हुई बर्फबारी के बाद भी एनएच सहित 20 रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही ठप पड़ी है। बर्फबारी होने के तीन दिन बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। रामपुर-रोहडू, ननखड़ी-टिक्कर-खमाड़ी सहित क्षेत्र की कई मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही न होने से ग्रामीणों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वीरवार को नारकंडा में एनएच बहाल होने के बावजूद भी बर्फबारी और फिसलन होने के कारण निगम की बसों को वाया बसंतपुर होकर शिमला भेजा गया।
रामपुर उपमंडल के अधिकतर ग्रामीण रूट सोमवार रात से हुई बर्फबारी के बाद बहाल नहीं हो पाए हैं। मार्ग बाधित होने के कारण ग्रामीणों को कई किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ा रहा है। ग्रामीणों को अपनी आवश्यकताओं का सामान और खाद्य सामग्री घर पहुंचाने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग को भी सड़कें बहाल करने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
वीरवार को रामपुर से पिओ जाने वाली बस कड़छम तक, रामपुर-बाघी बस खुन्नी तक, रामपुर-गौरा-मशनू-किन्नू डोबी तक, रामपुर-थानाधार-नारकंडा बस थानाधार तक, रामपुर-मझाली बस देवठी तक, रामपुर-रोहडू वाया भद्राश बस बशड़ी तक, रामपुर-कुल्लू बस खनाग तक, रामपुर-सुरड़बंगला बस खनोग तक, रामपुर-कंडा कतमोर बस बांदल तक और रामपुर बागा सराहन बस बागीपुल तक भेजी गई। इसके अलावा क्षेत्र की रामपुर-सुंगरी, रामपुर-रोहड़ू वाया तकलेच, रामपुर - कोटगढ़ -शिमला, रामपुर-चमाडा-ननखड़ी, रामपुर-दरकाली, रामपुर-जगोरी, रामपुर -थड़ा और रामपुर मुनीश बस सेवाएं पूरी तरह से बंद रही।
परिवहन निगम रामपुर डिपो के अड्डा प्रभारी भाग चंद ने बताया कि उपमंडल के अधिकतर ग्रामीण रूटों में बसों को आधे रास्ते तक भेजा जा रहा है, जबकि कई रूटों पर निगम की बसों को नहीं भेजा गया। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता एसके सोबती ने बताया कि उपमंडल की अधिकतर सड़कों को बहाल कर दिया गया है। लोनिवि ने सड़कों को बहाल करने के लिए करीब 6 मशीनें और 150 मजदूर तैनात किए थे।