कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन उपमंडल की ग्राम पंचायत बड़ागांव में शनिवार को प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम कुमारसैन चेतना खंडवाल ने की। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ागांव, भरेड़ी, शिवान और बनाहर पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम कुमारसैन चेतना खंडवाल ने ग्रामीणों को मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यावरण संरक्षण और सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही अन्य योजनाओं से अवगत कराया। इस मौके पर उन्होने लोगों की समस्याएं सुनी और मौके अधिकतर समस्याएं निपटाई। बड़ागांव, भरेड़ी, शिवान और बनाहर पंचायत से आए ग्रामीणों ने कार्यक्रम में पेयजल किल्लत और बड़ागांव अस्पताल में स्टाफ की कमी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। साथ ही उन्होंने बड़ागांव में 108 एंबुलेंस सेवा चलाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। कार्यक्रम में 23 शिकायतें आईं, जिनमें से 20 समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया। इसके अलावा प्रमाणपत्र बनाए गए। क्षेत्र की चार पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन का कार्यक्रम आयोजित करने पर आभार जताया। इस कार्यक्रम में तहसीलदार कुमारसैन राजेंद्र ठाकुर, बीएमओ देवराज, प्रधान बड़ागांव योधराज ठाकुर, प्रधान शिवान गुड्डी देवी, प्रधान बनाहर भूपराम, उपप्रधान भरेड़ी देवराज, पंचायत समिति सदस्य अनिल कुमार, बीडीसी बड़ागांव अनिल कुमार, बीडीसी बनहार रीमा देवी, कृषि प्रसार अधिकारी किंगल सूरज, विभिन्न विभाग अधिकारियों सहित ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।