आनी (कुल्लू)। आनी खेल मैदान में चल रही क्रिकेट खेल प्रतियोगिता के रोचक मुकाबले में मंडी, कुल्लू और शिमला की 64 टीमें पहले दौर के मैच में दमखम दिखा रही है। शुक्रवार को शाइनिंग स्टार गुगरा और कांडी करसोग टीम के बीच रोचक मुकाबला हुआ। स्टार इलेवन गुगरा ने 10 ओवरों में 8 विकटों पर 115 रन बनाए। इसके जवाब में कांडी करसोग टीम ने 9 ओवरों में 116 रन बनाए, जिसमें करसोग टीम ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया।
इस मैच में करसोग टीम के हुकम ने 50 रन की कप्तानी पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के आयोजक विपिन ठाकुर ने बताया कि सिराज कप क्रिकेट प्रतियोगिता में 1280 युवा खिलाड़ी, 10 अंपायर, स्कोरर, थर्ड अंपायर और 40 क्लब मेंबर्स काम कर रहे हैं। सिराज कप की विजेता टीम को एक लाख 11 हजार, एक सौ ग्यारह रुपये की नगद राशि और सिराज कप स्पोर्ट्स किट सहित कई अन्य आकर्षक ईनामों से सम्मानित किया जाएगा। वहीं उपविजेता टीम को 51 हजार की नगद राशि सहित स्पोर्ट्स किट सहित अन्य पुरस्कार से प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।