बच्चों का टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच करें सुनिश्चित
बाल विकास परियोजना रामपुर ननखड़ी की समीक्षा बैठक
एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने की बैठक की अध्यक्षता
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल अधिकारी रामपुर नरेंद्र चौहान ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना रामपुर एवं ननखड़ी की खंड स्तरीय अनुश्रवण एवं निगरानी समिति (आईसीडीएस) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में परियोजना क्षेत्र रामपुर एवं ननखड़ी से संबंधित अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर अजय बदरेल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से परियोजना के सभी केंद्रों में बच्चों का टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत परियोजना रामपुर में 9 महिलाओं और परियोजना ननखड़ी में 6 महिलाओं को लाभान्वित किया गया। रामपुर खंड के तहत 1425 बच्चों और 1324 किशोरियों सहित ननखड़ी खंड में 309 बच्चों 175 किशोरियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
एसडीएम नरेंद्र चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अधिक से अधिक बच्चों और किशोरियों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के बारे में चर्चा की गई। वहीं 21 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित किए जाने वाले बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह की जानकारी भी दी गई। एसडीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवनों और शौचालय का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार और प्रसार किया जाए जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर अजय बदरेल, खंड विकास अधिकारी रामपुर केआर कपूर, खंड विकास अधिकारी ननखड़ी कामेश्वर चौहान, परियोजना रामपुर और ननखड़ी के समस्त पर्यवेक्षकों सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।