आनी (कुल्लू)। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ने कहा कि नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर को पार्टी की कमान मिलने से बागीपुल जोन के कांग्रेसी कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। 17 जनवरी को शिमला में प्रदेश अध्यक्ष के सम्मान समारोह में जोन के करीब 200 से ज्यादा कार्यकर्ता जाएंगे।
वे मंगलवार को बागीपुल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। इस अवसर पर जोन अध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से केंद्र में राहुल गांधी ने चार राज्यों में सरकार का गठन किया है, उसी तरह से अब हिमाचल में भी नए प्रदेश अध्यक्ष के बनने से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यकर्ता नए जोश के साथ आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार प्रदेश की जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को कांग्रेस के खिलाफ गुमराह कर रही है। मौजूदा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है, जिसमें पूर्व सरकार के समय खुले प्राइमरी हेल्थ सेंटर और स्कूल बंद करवाए जा रहे हैं। आज सिराज की जनता बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। मौजूदा विधायक किशोरी लाल ने पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क सराहन से बठाहड़ का बजट एक अन्य ग्रामीण सड़क में तबदील कर दिया है, जिससे क्षेत्र की जनता में काफी रोष है। आगामी लोकसभा चुनाव में इसका खामियाजा प्रदेश सरकार को भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर धनी राम, सुनील कुमार, खेम दास, लायक राम, लीला चंद जोशी, देवी सिंह ठाकुर, राम लाल, नोया राम, प्रेम सिंह, डोला और राम प्रताप ठाकुर मौजूद रहे।