आनी/दलाश। इंडियन आइडल के उपविजेता और हिमाचल के स्टार युवा कलाकार अंकुश भारद्वाज का ननिहाल पहुंचने पर निरमंड में सैकड़ों लोगों ने ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत किया। सबसे पहले अंकुश ने देवी माता अंबिका के समक्ष शीश नवाया। वे अपने माता-पिता और भाई के साथ मंदिर पहुंचे, जहां पर मंदिर कमेटी के कारदार ने उनका स्वागत किया।
इंडियन आइडल के उपविजेता का खिताब जीतने के बाद पहली बार अपने ननिहाल पहुंचे अंकुश भारद्वाज के लिए निरमंड में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। उनके समर्थकों ने उनका निरमंड बस स्टैंड से कंधों पर उठाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा, कारदार पुष्पेंद्र शर्मा, हेमंत शर्मा, विकास शर्मा, कुशल भारद्वाज, कमलेश भारद्वाज और सुरेश भारद्वाज सहित कई अन्य लोगों ने अंकुश भारद्वाज का टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंकुश ने निरमंड कला मंच पर संदेशे आते हैं..., तुमने कभी किसी से प्यार किया मैंने भी किया...., रोहड़ू जाना मेरी अमिये सहित फिल्मी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों से स्वागत समारोह में पहुंचे दर्शकों को नाचने पर मजबूर किया। अंकुश ने दर्शकों की मांग पर एक से बढ़ कर एक हिमाचली गीतों का गुलदस्ता प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर अंकुश ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश के हर युवा नशे जैसी बुराई से दूर रहें। गीत संगीत और खेलों सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़े सोनी टीवी के शो में सभी ने वोट करके मुझे आज इस मुकाम पर पहुंचाया है, उसके लिए मैं सभी का आभारी हूं। मंच पर अंकुश के पिता सुरेश भारद्वाज ने भी जनता की मांग पर पहाड़ी गीत पेश किए। अंकुश भारद्वाज ने प्रेसवार्ता में कहा कि 6 हिंदी फिल्मों में प्ले बैक सिंगर के रूप में बॉलीवुड में काम कर रहा हूं। शिवरात्रि के अवसर पर रीमिक्स गीतों की एलबम जारी की जाएगी।