बिजली के अघोषित कटों से
ननखड़ी के उपभोक्ता परेशान
एक सप्ताह से क्षेत्र में लग रहे हैं घंटों बिजली कट
लोगों ने अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के हजारों लोग बीते एक सप्ताह से बिजली के अघोषित कटों की समस्या झेल रहे हैं। क्षेत्र में रोजाना बिजली कट लगना अब आम बात बन गई है। क्षेत्र के लोगों ने विद्युत बोर्ड से जल्द से जल्द अघोषित कटों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
ननखड़ी तहसील की 17 पंचायतों के बिजली उपभोक्ता बीते सात दिनों से बिजली के अघोषित कटों की समस्या से जूझ रहे हैं। ननखड़ी की बड़ाच, देलठ, करांगला, थैली चकटी, मझोली टिप्पर, शोली, कलेडा मझेवटी, कुंगलबाल्टी, खमाड़ी, बड़ोग, ननखड़ी, बगलती अड्डू, गाहन, खड़ाहन, जाहू और खुन्नी पनोली में अकसर शाम सात बजे के आस-पास कट लग रहे हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि इस समस्या के बारे मेें कई बार विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन बोर्ड प्रबंधन समस्या से निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रहा है।
ग्राम पंचायत बड़ाच प्रधान भूपेंद्र दड़ेल, संजीव कुमार, सुंदर सिंह, राकेश, कुलदीप कुमार, विनोद कुमार, जोगिंद्र सिंह, देवी सिंह, रोशन लाल, जिया लाल ने कहा कि बोर्ड को बार-बार सूचित करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने विद्युत बोर्ड से जल्द से जल्द बिजली के अघोषित कटों से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में विद्युत बोर्ड रामपुर के अधिशाषी अभियंता वरुण शर्मा के अनुसार विद्युत लाइनों में तकनीकी खराबी आने के कारण समस्या पेश आ रही है। जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान कर लिया जाएगा।