बिना हेलमेट पंप में दोपहिया वाहन चालक को नहीं मिलेगा पेट्रोल
पंप ऑपरेटरों के साथ बैठक कर डीएसपी ने दिए निर्देश
ट्रैफिक व्यवस्था सुधार में सबसे अहम निर्णय लिया
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर ज्यूरी से लेकर नारकंडा क्षेत्र में दोपहिया वाहन चलाने वाले बाइकर सावधान हो जाएं। अब बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पहुंचने वाले बाइक सवार को पेट्रोल नहीं मिल पाएगा। रामपुर पुलिस की ओर से छेड़ी गई इस अनूठी मुहिम के बाद शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होने के साथ-साथ हादसों में भी गिरावट आएगी। अब बिना हेलमेट पंप पहुंचने वाले चालकों को निराश लौटना पड़ेगा। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने सख्त निर्देश जारी कर दोपहिया दौड़ाने वाले चालकों को हेलमेट पहनने की हिदायत दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने शुक्रवार को शहर में चल रहे पेट्रोल पंप ऑपरेटरों के साथ एक बैठक की। बैठक में रामपुर शहर में बिना हेलमेट दौड़ रहे स्कूटर और मोटरसाइकिल चालकों की ओर से हेलमेट का प्रयोग न करने पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे पेट्रोल पंपों में पहुंचने वाले बाइक सवारों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी पंप ऑपरेटरों को डीएसपी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र की भौगोलिक दृष्टि को देखते हुए दोपहिया वाहनों में सबसे अधिक खतरा रहता है। यदि हेलमेट सवार चालक हादसे का शिकार होता है तो उसके बचने की आशंका काफी अधिक रहती है, यदि बिना हेलमेट चालक बाइक दौड़ाता है तो हादसे के समय उसका बच पाना मुश्किल हो जाता है। रामपुर शहर की बिगड़ी हुई ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार का यह सबसे अहम निर्णय पुलिस प्रशासन द्वारा लिया गया है।
डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि ज्यूरी से लेकर नारकंडा क्षेत्र के सभी पंप ऑपरेटरों को दोपहिया वाहन चालक को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सभी बाइक चालकों से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की है।