अमर उजाला ब्यूरो
भावानगर (किन्नौर)।
कृषि एवं सूचना मंत्री रामलाल मारकंडा ने शुक्रवार को भावानगर में जन समस्या कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल और बिजली की समस्याओं का मौके पर जाकर जल्द निपटारा करें।
लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए शिमला में 26 मई को पीटरहॉफ में जन मंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें किन्नौर जिले के उपमंडल स्तरीय अधिकारी भाग लेंगे और लोगों की समस्याओं से अवगत करवाएंगे। कहा कि इसके अलावा किन्नौर जिले और लाहौल स्पीति के लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के लिए तीन जून को रिकांगपिओ में जन मंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि जन मंच कार्यक्रम शुरू होने से 10 दिन पहले लोगों की समस्याओं को एकत्रित करे। इसके चलते रूनंग गांव के लोगों ने पिछले कई सालों से बंद पुरानी भारत-तिब्बत सड़क को जल्द बहाल करने की मांग रखी। रूपी गांव के जनप्रतिनिधियों ने भी गांव में शिक्षा, बिजली और अन्य समस्याओं का जल्द निपटारा करने की मांग रखी। मंत्री मारकंडा ने इन समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम भावानगर घनश्याम दास शर्मा, पूर्व विधायक तेजंवत नेगी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।