सराहन कैंची-बगीन मार्ग
बाधित होने से फंसे वाहन
भूस्खलन के कारण जगह-जगह से बाधित हुआ मार्ग
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। उपमंडल कुमारसैन की बड़ागांव पंचायत के तहत सराहन कैंची से बगीन सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। ऐसे में यह मार्ग काफी लंबे समय से अवरुद्ध पड़ा है। क्षेत्र के हजारों लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
निर्माणाधीन सड़क के बाधित होने से बगीन निवासियों के वाहन भी इस सड़क मार्ग में फंसे पड़े हैं। स्थानीय ग्रामीण सुभाष बिष्ट के अनुसार इस मार्ग को खुलवाने की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार विभाग के अधिकारियों से मिले, लेकिन विभाग के अधिकारी केवल कोरे आश्वासन ही दे रहे हैं। सड़क जगह-जगह बाधित है, जिसे बहाल करने में विभाग कोई पहल नहीं कर रहा। सड़क का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है।
ग्रामीण टिक्कम चंद बिष्ट, जवाहर लाल शर्मा, पंकज कुमार, पुष्पा शर्मा, सुमन शर्मा, प्रियंका शर्मा, मीना देवी, ममता, गौतम, चंपा गौतम, राज गौतम, सर्वजीत गौतम, जगदंबा गौतम, रीता शर्मा, प्रेम कुमार, सुभाष बिष्ट ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि निर्माणाधीन सराहलन कैंची-बगीन सड़क को जल्द से जल्द खुलवाया जाए और शेष बचे कार्य को जल्द पूरा किया जाए।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ गोपाल देव शर्मा ने बताया कि जल्द इस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि निर्माणाधीन सड़क में अपने वाहन लेकर न जाएं।