बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त, कई गांव में छाया अंधेरा
सड़कों पर भूस्खलन से दर्जनों गांवों का संपर्क कटा
रोहडू। तीन दिनों से लगातार बारिश के बाद रोहड़ू में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। पब्बर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने पर प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। रोहड़ू-चिड़गांव और जुब्बल के दर्जनों गांव में करीब बारह घंटे से बिजली गुल है।
रोहड़ू उपमंडल में भारी बारिश के बाद करीब 18 रूटों पर सड़क बंद होने के बाद बस सेवा रोक दी गई है। रोहड़ू के नए बस स्टेंड के लिए बनी अस्थायी सड़क के बहने से बसों की आवाजाही थम गई है। अब रोहड़ू में सभी रूटों के लिए बस सेवा पुराने बस स्टैंड से शुरू कर दी गई है।
बाजार के समीप एचटी लाईन के क्षतिग्रस्त होने से शुक्रवार दिन के समय से नगर परिषद रोहड़ू का आधे क्षेत्र में समरकोट, सपैंल वैली के करीब दो दर्जन गांव भी 24 घंटे से अंधेरे में हैं। शनिवार सुबह 66 केवी नोगली रोहडू मैन लाइन के टूटने से रोहडू जुब्बल, टिक्कर और चिडगांव सहित तीन तहसीलों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। चिड़गांव तहसील के दूरदराज गांव तांगणू और जांगलीख के बीच नदी पर बने पुल के बहने से जांगलिख गांव का संपर्क कट गया है। अब लोगों को वहां से बाहर जाने के लिए दूसरा कोई रास्ता नहीं रहा है।
लगातार हो रही बारिश के बाद एसडीएम ने नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी जुब्बल, रोहड़ू, चिड़गांव में नदी तट के समीप बसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक जाने के आदेश कर दिए हैं। उन्होंने तीनों तहसीलों में बारिश से होने वाले नुकसान से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
बिजली बोर्ड के एसडीओ सुखदेव ने बताया कि मैन लाईन टूटने से पूरी क्षेत्र में बिजली गुल है। लाईन को ठीक करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा समरकोट, सपैल वैली में बिजली बहाल होने में एक दिन का बाकि समय लगेगा।
एसडीएम बीआर शर्मा ने कहा पब्बर नदी का जल स्तर बढने पर तीनों तहसील व पुलिस थाने को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा अभी तक किसी जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। --- रतन चौहान