अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बहुउद्देशीय परियोजना एवं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने शनिवार को रारंग के राज्य स्तरीय गुरु सांज्ञस पर्व के समापन कार्यक्रम में शिरकत की। मंत्री ने कहा कि गुरु पदम संभव जयंती पर आयोजित रारंग गुरु सांज्ञस पर्व पुण्य एवं ज्ञान वृद्धि का माध्यम है। मंत्री ने राज्य स्तरीय गुरु सांज्ञस स्मारिका का विमोचन भी किया।
मंत्री ने रारंग के तहत लोह में 42 लाख की लागत से 25 केवी का सब स्टेशन स्थापित करने, 9 लाख की लागत से 63 केवी सब स्टेशन रारंग को बढ़ाकर 250 केवी का करने की घोषणा की। कहा कि उनके पिता पंडित सुखराम लोकसभा क्षेत्र के सांसद रहे, जिसमें किन्नौर भी था। इसके चलते उनका किन्नौर जिले से विशेष लगाव है। छोयंगन रिंपोछे ने लोगों को आशीर्वाद और प्रवचन दिए। पर्व में विशेष पूजा-अर्चना, पारंपरिक और शास्त्रीय विधि विधान अनुसार छम तथा स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान एडीएम पूह शिव मोहन, जिप अध्यक्ष प्रितेश्वरी, पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी, एसटी, एससी मोर्चा अध्यक्ष सूरत नेगी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय नेगी, नायब तहसीलदार मूरंग राजेश नेगी, मंत्री के पुत्र आश्रय शर्मा आदि मौजूद रहे।