आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत बेहना के गांव शेगुबाग और आसपास के इलाके में करीब 100 से लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। तीन माह से पेयजल सप्लाई ठप है। लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार आईपीएच विभाग को समस्या से अवगत करवाया। लेकिन विभाग की ओर से कोरे आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शेगुबाग के लिए अलग से पेयजल योजना है। लेकिन बीच में योजना की लाइन से विभाग ने अपने चहेतों को उससे दर्जनों कनेक्शन दिए हैं। इससे सभी लोगों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
ग्रामीणों को पीने का पानी गांव से करीब सात किलोमीटर दूर तीहणी नाले से लाना पड़ रहा है। कुछ समय पहले बारिश से एक टैंक में बारिश का पानी भर गया था, जिससे पशुओं को पानी पिलाया जा रहा है। ग्रामीण गांव छोड़कर दूसरे स्थानों पर पलायन करने का मन बना रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और आईपीएच विभाग से समय रहते पेयजल आपूर्ति देने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को समस्या से न जूझना पड़े। क्षेत्र के लोगों में दयाल वर्मा, महेंद्र ठाकुर, सुरेंद्र कुमार, पांचकू राम, बुध राम, महंत राम, यशपाल, राम दास, पप्पू राम, महिंद्र कुमार और ओम प्रकाश सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में पानी की समस्या लंबे समय से चली रही है। ग्रामीण दयाल वर्मा ने कहा कि तीन महीने से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। आईपीएच विभाग शिकायत के बाद एक दिन पानी देता है और फिर सप्लाई बंद हो जाती है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि तीहणी नाले में हैंडपंप लगाकर मोटर से पानी मुहैया करवाया जाए।
मोटर लगाकर देंगे सुचारु सप्लाई : अरविंद
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद वर्मा का कहना है कि पेयजल समस्या दूर करने के लिए शेगुबाग में हैंडपंप लगा कर मोटर लगाई जा रही है, ताकि ग्रामीणों को पेयजल सप्लाई सुचारु रूप से दी जा सके।