स्पोर्ट्स हॉस्टल और स्पोर्ट्स
कांप्लेक्स शिमला ने बाजी मारी
महिला एवं पुरुष वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ
स्पर्धा में 14 पुरुषों की, छह महिलाओं की टीमें ले रही भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। जिला स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता आरंभ हो गई है। शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा प्रदेश सचिव शशिबाला ने किया। इस मौके पर आढ़त एसोसिएशन पराला के अध्यक्ष अनुपाल चौहान और भाजपा मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष बलदेव रांटा विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। स्पर्धा में जिला शिमला के विभिन्न ब्लॉकों से 14 पुरुषों की तथा छह महिलाओं की टीम भाग ले रही हैं। स्पर्धा के समापन समारोह में शनिवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करके विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
जिला स्तरीय वॉलीबाल स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर पहला मैच पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल रोहड़ू और शिक्षा विभाग की टीम के मध्य खेला गया। जिसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल ने 2-0 से विजय प्राप्त की। महिला वर्ग में पहला मैच स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शिमला व खेल क्लब कलोटी के मध्य मैच हुआ। जिसमें स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शिमला ने 2-0 से विजय प्राप्त की। स्पर्धाएं देर शाम तक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स रोहड़ू में आयोजित करवाई जाएंगी।
जिला शिमला वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम बांश्टू के अनुसार जिला स्तरीय वॉलीबाल स्पर्धा के विजेता टीमों का चयन राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए होगा। इस मौके पर भाजपा मंडल रोहड़ू के प्रेस सचिव सुमेश चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष चमन शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित नेपटा, वॉलीबाल कोट सतीश शर्मा, देविंद्र चौहान, वीरेंद्र बांश्टू, दारा सिंह, राजेश शर्मा, सतीश चौहान, अरविंद चौहान, जितेश्वर दत्ता, जेडी चौहान, जवाहर सिंह, जगदीश चौहान, गगन भागटा, कृपाल चौहान सहित विभिन्न स्कूलों के शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।