आनी उपमंडल के तहत आने वाली दलाश पंचायत के दनारा गांव के लोग डेढ़ माह से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि ग्रामीण गांव से 10 किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों ने कई मर्तबा आईपीएच से पेयजल मुहैया करवाने की गुहार लगाई, लेकिन विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
दनारा गांव में ग्रामीण डेढ़ माह से पेयजल के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर हैं। पेयजल आपूर्ति न मिलने से ग्रामीणों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस संबंध में आईपीएच विभाग को कई बार शिकायत की। परंतु हालात जस के तस बने हुए हैं। मजबूरन ग्रामीणों को दस किलोमीटर दूर जाकर वाहनों और पीठ पर ढोकर पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को घरों की साफ-सफाई, कपड़े धोने और अन्य कार्यों के लिए पानी जुटाने में काफी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। इसके बावजूद विभाग कुंभकर्ण की नींद सोया हुआ है।
स्थानीय निवासी गुलाब चंद, पूर्ण चंद, प्रेम चंद, मनोहर लाल, गिरधारी लाल, सत्य पाल, राजेश, हंस राज, रोशन लाल, प्रीतम का कहना है कि विभाग को कई बार पेयजल समस्या को लेकर सूचित किया गया लेकिन समस्या दूर नहीं की गई। उन्होंने विभाग से समय रहते पेयजल मुहैया करवाने की मांग की है।
इस बारे में आईपीएच विभाग दलाश के एसडीओ नरेंद्र नेगी ने कहा कि गांव में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए फिटरों को लाइन पर भेज दिया गया है। जल्द ही ग्रामीणों को सुचारू पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।