रामपुर में बोर्ड परीक्षा के बारे चर्चा करती छात्राएं: संवाद
नोडल अधिकारी ने दोफदा और धारगौरा स्कूल का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत वीरवार को बारहवीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा हुई। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की कोई परीक्षा नहीं थी। रामपुर उपमंडल में 20 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में विद्यार्थी परीक्षाएं दे रहे हैं। रामपुर के नोडल अधिकारी सुरेश कुमार की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दोफदा और धारगौरा स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है। परीक्षा सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक चली। विद्यार्थियों को 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढ़ने, उत्तर पुस्तिका के पृष्ठों की गणना करने और उत्तर पुस्तिका पर अपने विचरण भरने के लिए दिया गया। परीक्षा में प्रश्न पत्र ए, बी, सी सीरीज में उपलब्ध करवाए गए। शबनम, रोहिनी, प्रेरणा, राहुल और रोहित सहित अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि हिंदी की परीक्षा में आसान प्रश्न पूछे गए थे। विद्यार्थियों ने हिंदी की परीक्षा में पूछे गए सभी प्रश्नों को उत्तर दिए हैं। हिंदी की परीक्षा अच्छी होने पर विद्यार्थियों के चेहरे खिले थे। शुक्रवार को बारहवीं कक्षा की लेखांकन, जीव विज्ञान और दसवीं कक्षा की 14 मार्च को विज्ञान और प्रौद्योगिकी की परीक्षा होगी। नोडल अधिकारी सुरेश कुमार नेगी ने कहा कि वीरवार को दो स्कूलों का निरीक्षण किया। किसी भी तरह का नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। बोर्ड परीक्षाओं पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रखी जा रही है।