अमर उजाला ब्यूरो
भावानगर (किन्नौर)।
पूर्व कांग्रेस सरकार के राज में किन्नौर को देश का प्रथम जिला बनाने की रूपरेखा बनाई गई है। ऐसे में प्रदेश की भाजपा सरकार की अनदेखी का असर किन्नौर के विकास पर नहीं पड़ेगा। यह बात विधायक जगत सिंह नेगी ने शनिवार को भावावैली के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन कटगांव, यांगपा-1, यांगपा-2 और क्राबा में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नाथपा और घरशू सड़क निर्माण इसी वर्ष पूरा कर लिया जाएगा।
जानी, रामनी सड़क को पक्का किया जाएगा। वांगतू-निचार सड़क निर्माण के लिए विधायक प्राथमिकता के तहत मंजूरी मिल गई है। चौरा-बड़ा कंबा सड़क को पक्का करने के लिए छह करोड़ रुपये की राशि से टेंडर लगा दिया गया है। कटगांव मंदिर के पास धंस रहे रास्ते की मरम्मत करने के लिए डंगा लगाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए पर्याप्त धन राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। चुनाव जीतने के बाद विधायक पहली बार भावावैली के दौरे पर है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें पीएसी का अध्यक्ष नहीं बना कर जिला के लोगों का अपमान किया है। कांग्रेस शासन में किन्नौर के विकास के लिए अगले 10 वर्ष तक के बजट का प्रावधान कर कई विकास कार्य शुरू किए हैं। इन विकास कार्यों को पूरा करना उनका लक्ष्य है। भावावैली के शांगो, यांगपा-2 गांव की सड़क और पुल निर्माण, काफनू, यांगपा-1 गांव की सड़क मेटलिंग और मूलिंग मार्ग निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के पास कांग्रेस सरकार ने करोड़ों रुपये जमा किए हैं। इस दौरान किन्नौर किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष हिम्मत नेगी, जिप सदस्य केवल राम नेगी, सत्या देवी, वीर सिंह नेगी, सुखदेव नेगी, प्रेम सागर दामेस, पदम चारस, नरेंद्र हुरम, मीरा नेगी, सुनीता नेगी, प्रशांत नेगी, कमल किशोर, दीपक नेगी, विशेष नेगी, लौंगू राम नेगी और ओम लाल सहित अन्य मौजूद रहे।