रामपुर बुशहर।
नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर सात ल्हासा में गंदगी की समस्या से लोग परेशान हैं। वर्ष 2008 में इस वार्ड में दर्जनों मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने वार्ड के कुछ क्षेत्र को असुरक्षित भी करार दिया है। लेकिन कई भूमि मालिक फिर भी यहां भवन निर्माण करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसे में यहां हमेशा हादसा होने का खतरा बना रहता है।
लेख राज मेहता, सुशील नेगी और गोविंद का कहना है कि वार्ड के लोग सफाई व्यवस्था, बिजली के अघोषित कट और पार्किंग जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड में न खेल मैदान की व्यवस्था है और न ही पार्क की। एनएच के साथ सटा वार्ड होने के कारण यहां लावारिस पशुओं का भी जमावड़ा लगा रहता है और आम लोगों को भी इनसे खतरा बना रहता है। उन्होंने नगर परिषद से वार्ड की समस्याओं को जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। नप का सफाई कर्मचारी कभी सप्ताह में एक बार तो कभी 10 दिन में सफाई के लिए पहुंचता है। इससे वार्ड की नालियां गंदगी से भर जाती हैं और खुले में गंदा पानी बहने लग जाता है। इसके अलावा कूड़ा उठाने का सिलसिला भी वार्ड में यूं ही चल रहा है। पार्किंग की व्यवस्था न होने से यहां एनएच पर नियमों को ताक पर रखकर वाहन पार्क किए जा रहे हैं। हालांकि इस वार्ड में सरकारी भूमि भी है, जिस पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा सकता है। लेकिन जिला प्रशासन के आश्वासनों के बाद भी यहां पार्किंग बनाने को लेकर कोई पहल नहीं हो पा रही। इसके अलावा वार्ड में बिजली के अघोषित कटों की मार भी जनता को झेलनी पड़ रही है। वार्ड में कई स्थानों पर रास्तों की हालत भी खस्ता बनी हुई है, जिसे ठीक नहीं किया जा रहा।
पार्क बनाने का कार्य चल रहा : रीता
वार्ड नंबर सात की पार्षद रीता बादल का कहना है कि वार्ड में पार्क बनाने की प्रक्रिया चल रही है। वार्ड की सफाई का काम ठेकेदार देख रहा है। वार्ड के रास्तों को सुधारने का कार्य भी चल रहा है। जल्द ही वार्ड की समस्याओं को दूर कर दिया जाएगा।