डर के साये में जीने को मजबूर परिवार
दूसरों के घरों में किराये पर रह रहे कई प्रभावित, कई परिवारों ने ली रिश्तेदारों की शरण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल की नरेण पंचायत में बरसात से भारी नुकसान हुआ है। कई परिवार बेघर हो गए हैं और किराये में मकानों और रिश्तेदारों के पास शरण लेने को मजबूर हैं।भाजपा नेता कौल सिंह ने रविवार को नरेण पंचायत के जराशी, कड़ेली, ब्रांदली और शरण गांव का दौरा किया और आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनीं। मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कौल सिंह ने कहा कि नरेण पंचायत के जराशी और कड़ेली गांव में 12 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई घरों में दरारें आ चुकी हैं। इस कारण ग्रामीण डर के साये में जीने को मजबूर हैं और जो बेघर हुए हैं, वे किराये के मकान और रिश्तेदारों के घरों में रहने को मजबूर हैं। इसके अलावा ब्रांदली गांव में भी भारी नुकसान हुआ है और शरण गांव में भी कई घरों पर पेड़ गिरे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा आने के बाद यहां लोगों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अभी तक प्रशासन का कोई अधिकारी और सरकार का कोई नुमाइंदा आपदा प्रभावितों की सुध लेने नहीं पहुंचा है। उन्होंने कि आपदा के इस विकट समय में भाजपा प्रभावितों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। पीड़ितों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और उनकी आवाज को प्रशासन-सरकार तक पहुंचाने का यथासंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से राहत बचाव कार्य को युद्धस्तर पर करने और सुरक्षित स्थान पर विस्थापित कर खाने-पीने और राशन की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई है। वहीं, बागवानों को पेश आ रहीं दिक्कतों के समाधान की भी मांग उठाई है। इस मौके पर नरेण पंचायत के प्रधान शिव राम, महामंत्री दिनेश खमराल, राम मूर्ति, अविनाश कायथ, बंटी रांझा, सुरेंद्र और विपिन देष्टा सहित अन्य मौजूद रहे।