40 संपर्क सड़कें बंद, 13
कच्चे मकानों को नुकसान
रोहड़ू। दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण रोहड़ू उपमंडल में अलग अलग स्थानों से करीब 13 कच्चे घरों को क्षति पहुंचने की सूचना मिली है। वहीं कुछ घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। रोहड़ू, जुब्बल, चिडगांव और टिक्कर सहित तीन तहसील में करीब 40 संपर्क सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी हैं। सभी सड़कों को खोलने के लिए सोमवार को दोपहर बाद से मजदूर और मशीनें काम पर जुट गए हैं।
महेंदली के समीप बिजली की लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से बार-बार बिजली गुल हो रही है। डोडराक्वार सहित रोहड़ू उपमंडल के करीब आधा दर्जन रूटों पर सड़कें बंद होने के बाद परिवहन निगम की बस सेवा भी बंद पड़ी है। सड़कें बंद होने से परिवहन निगम के रोहडू डिपों की चार बसें फंसी हुई हैं। उपमंडल से किसी प्रकार की बड़ी घटना की कोई सूचना नहीं है।
तहसील चिड़गांव के तहत बारिश के बाद अंबोई, जगटवाणी, रोहल, डोडरा क्वार, हांउचली, डिस्वाणी सड़कें वाहनों के लिए बंद हो गई है। रोहडू में शलान, मेलठी, करछारी और नारवा की सड़कों पर भूस्खलन से बस सेवाएं रोकी गई। भारी बारिश के बाद झलवाडी, दलगांव, पुजारली तीन और डोडरा क्वार की सड़कों पर बीती रात से परिवहन निगम की चार बसें फंसी हुई हैं। लंबे रूटों पर सोमवार दिन के समय से सभी बसों को नियमित कर दिया गया है।
रोहड़ू के लिए बस अड्डे की सड़कें बंद
रोहड़ू बाजार के नए बस अड्डे के लिए सड़क पर बने अस्थायी पुल के ऊपर पानी का बहाव पहुंचने से बसों की आवाजाही बंद हो गई है। दो दिन से बस सेवाएं बाजार के पुराने बस अड्डे से चलाई जा रही है।
कई स्कूलों में नहीं हुआ अवकाश
उपायुक्त की ओर से सोमवार को अवकाश की सूचना के बाद भी कई स्कूलों में समय पर सूचना न पहुंचने के कारण स्कूल खुले रहे। हालांकि एसडीएम की ओर से सुबह पूरे उपमंडल के तहसील, विकास खंड और पंचायत स्तर तक स्कूलों के बंद होने की सूचना जारी की दी गई थी।
दो दिनों से सेब तुड़ान रुका
दो दिनों से भारी बारिश के बाद सेब तुड़ान का कार्य बंद पड़ा हुआ है। मंडियों में सेब सोमवार को सेब बहुत कम मात्रा में पहुंचा है। अब सड़कें बंद होने के कारण बागवानों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
मंगलवार को भी रहेगा स्कूलों में अवकाश
प्रशासन की ओर से मंगलवार को भी सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी गई है। एसडीएम की ओर से सभी सरकारी व गैर सरकार स्कूलों को निर्देश दे दिए गए हैं। भारी बारिश की चेतावनी के चलते स्कूलों में उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने 14 अगस्त को भी सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश किए हैं।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन विनोद शर्मा ने कहा कि अलग-अलग रूटों पर निगम की चार बसें फंसी हैं। आधा दर्जन रूटों पर बस सेवा बंद है। लंबे रूट पर बसें चल रही हैं। वहीं एसडीएम बीआर शर्मा ने कहा कि उपमंडल में जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों से तेरह कच्चे घरों के क्षति पहुंचने की सूचना मिली है। ग्रामीण क्षेत्र में करीब 40 संपर्क सड़कें बंद हैं। लोनिवि सड़क खोलने में जुटा है।