अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के बाद सीपीआईएम कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मारपीट मामले पर रामपुर सीपीआईएम कमेटी ने कड़ा रोष जताया है। माकपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम रामपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर कर माहौल को सामान्य बनाने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा-आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सीपीआईएम के सचिव देवकी नंद ने कहा कि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में ढाई दशक बाद भाजपा को जीत मिली है। जीत के जश्न में डूबे भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं ने माकपा समर्थकों के साथ मारपीट की है। उनके घरों और पार्टी कार्यालयों का भी नुकसान पहुंचाया है। त्रिपुरा में विभिन्न स्थानों पर हुई घटनाओं में 514 लोग जख्मी हो गए हैं। इस दौरान बिहारी सेवगी, कुलदीप, जगदीश, दयाल, रामदास, हरीश, सीमा, रेखा, हरि सिंह कपूर, अंकित, राजेंद्र और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।