कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में अग्निशमन केंद्र तो स्थापित कर दिया पर दमकल वाहनों में पानी भरने के लिए बाजार में कोई व्यवस्था नहीं है। अग्निशमन केंद्र के पास अपना पानी का कनेक्शन तक नहीं है। इससे दमकल वाहनों को पानी भरने के लिए कोटखाई से करीब छह किलोमीटर दूर निहारी नाला में जाना पड़ता है। ऐसे में आग लगने की परिस्थितियों में दमकल वाहन की कोटखाई नगरवासियों को सुविधा से वंचित रहना पड़ सकता है।
पानी कनेक्शन के लिए अग्निशमन केंद्र की ओर आईपीएच विभाग को पत्र लिखा गया। कनेक्शन के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य 50 हजार की राशि जमा करवाने के लिए कह रहा है। लेकिन अभी तक अग्निशमन केंद्र की ओर से राशि को जमा नहीं करवाया गया है। पानी का कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण दमकल वाहनों को पानी भरने के लिए छह किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। निहारी से कोटखाई आने-जाने में एक घंटे का समय लग जाता है। अगर कोटखाई नगर में कोई आग की घटना हुई तो ऐसी परिस्थितियों में दमकल वाहन आग बुझाने में सक्षम नहीं हो पाएगा।
कनेक्शन के लिए किया आवेदन : केशव
अग्निशमन केंद्र कोटखाई के प्रभारी केशव सिंह नेगी ने बताया कि कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। लेकिन पानी का कनेक्शन नहीं मिला है। अभी दमकल वाहनों में पानी भरने के लिए कोटखाई बाजार से छह किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
राशि मिलने पर मिलेगा कनेक्शन : हरमेश
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता हरमेश भाटिया ने बताया कि पानी के कनेक्शन के लिए अग्निशमन केंद्र को 50 हजार रुपये की राशि जमा करवाने के लिए कहा गया है। राशि जमा होने के बाद ही कनेक्शन लगाया जाएगा।