प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत मिली मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल, नावर, कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 18 सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-4 के तहत मंजूरी मिल गई है। इन सड़कों के पक्का और चौड़ा होने से इस क्षेत्र में बागवानी को संजीवनी मिलेगी। अभी तक विधानसभा क्षेत्र का हर पंचायत मुख्यालय पक्की सड़क से जुड़ चुका है। इसके बाद हर गांव तक सड़क को पक्का करने की पहल शुरू हो गई है। केंद्र सरकार की ओर से सड़कों को पक्का करने के लिए 112 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है। इस राशि से विधानसभा क्षेत्र के तहत धानसर, क्वालटा, भलाई -केववी, झड़ग- इंद्रावन, मुंगरा-नड़ाल, रोहटान चतनोल, निगाली- शासन, अंटी-चींग, जरला क्यार- भनवा, रावला क्यार-थाना, बड़वी-गरावग, मढ़ाण, टूटूपानी-नालाबन, कंद्रोड़ा, कोटी- जगटेरली, नाओगा-पलोथर, नकसेटली-नालटीआऊ और शरौंथा मंडारली सड़कों का विस्तार किया जाएगा। कांगेस मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, हिमफेड के निदेशक भीम सिह झौहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के इस कार्यकाल में जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को सड़क मिल चुकी है। अब इन सड़कों को पक्का और चौड़ा करने की पहल के लिए उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया।