शिमला या रामपुर में इलाज पड़ रहा महंगा
युकां ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
रिकांगपिओ में डॉक्टरों के पद खाली, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। किन्नौर जिला में चिकित्सकों के खाली पदों को लेकर युवा कांग्रेस किन्नौर ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युकां अध्यक्ष किन्नौर प्रताप नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में डॉक्टरों के पद खाली होने के कारण जनजातीय जिला किन्नौर के सैकड़ों मरीजों को उपचार के लिए रामपुर और शिमला इलाज के लिए जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय जिला किन्नौर के क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ को कायाकल्प के तहत प्रदेश में प्रथम दर्जा भी प्राप्त हुआ था और अस्पताल में कई विशेषज्ञों की तैनाती भी की गई थी लेकिन जब से बीजेपी की सरकार प्रदेश में बनी है तब से लेकर लगातार किन्नौर के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जिला के एक मात्र क्षेत्रीय चिकित्सालय में सैकड़ों मरीज दिन में अपने इलाज के लिए पहुंचते हैं और विशेषज्ञों के न होने के कारण उपचार के लिए उनको रामपुर और शिमला के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
वहीं प्रताप नेगी ने कहा कि ईएनटी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अविनाश नेगी जो अपनी स्वेच्छा से जिला किन्नौर में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें भी ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि डॉक्टर का तबादला तुरंत जनहित में नहीं रोका गया तो युवा कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। वहीं अस्पताल में अन्य रिक्त पदों को भरने की सरकार से पुरजोर मांग की। इस अवसर पर कुलवंत नेगी, भरत लाल नेगी, केवल नेगी, वेद प्रकाश, प्रदीप नेगी और संत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।