रामपुर वन वृत्त में शुरू
हुआ पौधरोपण अभियान
विधायक नंदलाल ने पौध लगाकर किया अभियान का शुभारंभ
अभियान के तहत रामपुर वन वृत्त में रोपे जाएंगे ढाई लाख पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पर्यावरण संरक्षण को लेकर वन विभाग ने अभियान छेड़ दिया है। रामपुर वन वृत्त के तहत आने वाले वनमंडल रामपुर, लूहरी, कोटगढ़ और किन्नौर में वन विभाग ने पौधरोपण शुरू कर दिया है। विधायक नंदलाल ने इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। यह पौधरोपण अभियान सामुदायिक आधार पर चलाया जा रहा है। जिसमें ग्राम पंचायत महिला मंडल, युवक मंडल और अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। अभियान के पहले दिन आईटीबीपी के जवानों, ग्रामीणों, महिला मंडलों युवक मंडलों के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के करीब तीन हजार पौधे रोपे। यह अभियान 14 जुलाई तक चलाया जाएगा।
इस संबंध में वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल अनिल ठाकुर ने बताया कि 14 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में रामपुर वन वृत्त के तहत आने वाले कोटगढ़-लूहरी, रामपुर और किन्नौर मंडलों के 61 स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के करीब ढाई लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें देवदार, तोष, चूली, कचनार और रीठा आदि प्रजातियां शामिल हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया है। इस मौके पर एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान, डीएम फॉरेस्ट कारपोरेशन कृष्णपाल नेगी, डीएफओ अशोक नेगी, परियोजना निदेशक हरदेव नेगी, डीएफओ हेडक्वार्टर वीके अग्रवाल, आरओ मिडल सिंह और रचोली पंचायत प्रधान लालचंद सहित अन्य ग्रामीणों ने इस पौधरोपण कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।