अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई। कोटखाई उत्सव में अतुल राजटा के बाबा जन्मा बिदिया रा गीत पर दर्शक झूम उठे। दूसरे दिन बुधवार को लोक कलाकारों ने समा बांधा। उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उत्सव को जिला स्तरीय उत्सव का दर्जा देने का एलान किया।
कोटखाई उत्सव के दूसरे दिन लोक कलाकार दलीप सिरमौरी ने सिरमौरा आली, हाय मेरी दिंगादिंगये गीत की प्रस्तुति दी। इससे उन्होंने तालियां बटोरीं। उन्होंने अपनी प्रस्तुति पर लोगों को नचाया। अतुल ने लोबिए, काकू चौहान ने शालू व्हीस्की पिलाइजा रे, चौपाला री छोरिए, सुरेंद्र शर्मा ने आठ खाचरी नौंवा घोड़ा आदि की प्रस्तुुति दी। क्षेत्र के करीब 50 कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन किया। समारोह में विधायक नरेंद्र बरागटा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का स्वागत किया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने भी मेले के समापन अवसर पर नाटी डाली। सीएम के दौरे को लेकर बाजार में यातायात पूरा दिन बंद रखा गया। वाहनों की आवाजाही वाया ठियोग-हाटकोटी सड़क छोल से की गई थी।