ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। आखिरकार डिग्री कॉलेज ज्यूरी में 20 जून से प्रथम वर्ष में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डिग्री कॉलेज ज्यूरी में बुधवार को पांच छात्रों ने कला संकाय में दाखिला लिया। पूर्व कांग्रेस सरकार की ओर से पिछले वर्ष शैक्षणिक सत्र के बीच में खोले गए इस कालेज में अभी तक एक भी विद्यार्थी नहीं था। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के करीब तीन दिन बाद अब पांच विद्यार्थी दाखिले के लिए पहुंचे।
पूर्व कांग्रेस सरकार ने 6 सितंबर 2017 को नोटिफिकेशन की थी। 19 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्यूरी के चार कमरों में कॉलेज का उद्घाटन किया। यहां पर अंग्रेजी, इतिहास और अर्थशास्त्र के शिक्षक, एक सुपरिंटेंडेंट, एक टीओ और पांच चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी तैनात करवा दिए थे। इनमें से दो को रामपुर कॉलेज से डेपुटेशन पर भेजा गया है। कॉलेज का अपना भवन नहीं है। ऐसे में कॉलेज के विद्यार्थी स्कूल के बच्चों के साथ उनके भवन में पढ़ाई करेंगे। उधर, डिग्री कॉलेज ज्यूरी के प्राचार्य पीसी कश्यप ने बताया कि बुधवार से कला संकाय के छात्रों के दाखिले शुरू हो गए हैं। पहले दिन कॉलेज में पांच छात्रों ने प्रवेश लिया।
कई महीनों तक बेकार बैठा रहा स्टाफ
सरकार की ओर से बीच सत्र में कॉलेज शुरू करवाने से यहां एक भी विद्यार्थी नहीं आ सका था। ऐसे में कई माह तक यहां पर दस लोगों का स्टाफ बेकार बैठा था। हालांकि कई कॉलेजों में स्टाफ की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ा है। ऐसे में यहां पर छात्रों के न आने तक स्टाफ को और जगह नहीं भेजा गया। करीब नौ महीने बाद भी कॉलेज भवन के लिए जमीन का प्रावधान तक नहीं हो पाया है।