बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नाम पर बिक रहे फर्जी फार्म
रोहडू। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ ने नाम पर फर्जी फार्म बेचने का गोरखधंधा खूब चल रहा है। लोग नेट से फार्म डाउनलोड कर भरने के बाद सीडीपीओ ऑफिस जमा करवाने पहुंच रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद ही लोगों को इस फर्जीवाड़े का पता चल रहा है। सीडीपीओ ने लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फार्म में बताया गया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत लाभ लेने के लिए आठ से 32 वर्ष तक की कन्याओं के लिए केंद्र सरकार ने नई योजना शुरू की है। इस योजना के लिए आवेदन करने पर दो लाख रुपये तक की राशि दी जाएगी। इस फर्जी फार्म को लोग भर कर बाल विकास परियोजना अधिकारी के कार्यालय में जमा करने पहुंच रहे हैं। यहां पहुंचने पर लोगों को पता चल रहा है कि केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने इससे जालसाजी करार दिया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी रोहडू धर्मपाल कश्यप ने बताया कि यह एक प्रकार की जालसाजी हो सकती है। उन्होंने कहा कि लोग आवेदन लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। कुछ आवेदन फार्म मांग रहे जबकि सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग इस तरह के कोई फार्म न खरीदें। जानकारी के लिए दूरभाष पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।