अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन ठेका मजदूर यूनियन संबंधित सीटू के बैनर तले बुधवार को मजदूरों ने बायल, दत्तनगर, पावर हाउस, झाकड़ी साइट पर दोपहर को प्रदर्शन किया। मजदूरों ने लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग उठाई। यूनियन के प्रधान संदीप और महासचिव दुर्भासनंद शर्मा ने कहा कि रामपुर परियोजना प्रबंधक वर्ग और ठेकेदारों की ओर से सरेआम श्रम कानूनों का उल्लंघन कर मजदूरों का शोषण किया जा रहा है।
मजदूरों को बीते एक वर्ष से वर्दी और जूते नहीं मिले, जबकि साल में दो जोड़े मिलने थे। अवकाश वेतन और बोनस भी नहीं मिल पाया है। दो वर्ष पूर्व मजदूरों से मनमाने तरीके से मेडिकल लीव की 40 हजार की राशि काटी गई थी, जो अभी तक नहीं मिली। मजदूरों को पहचान पत्र, वेज स्लिप और लीव कार्ड अभी तक नहीं दिए गए हैं। मजदूरों को वेतन कभी समय पर नहीं मिल रहा है। यूनियन के कोषाध्यक्ष नीलदत्त ने कहा है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से अपने चहेतों को ट्रेड दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी यह सांकेतिक धरना दिया जा रहा है। यदि प्रबंधक वर्ग की ओर से मजदूरों की मांगों का पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान रामलाल, कमला ठाकुर, बलविंदर, राज, देस राज, शीला, हरबंस, ईश्वर, रमेश, बालमुकुंद सहित अन्य मजदूर मौजूद रहे।