रामपुर बुशहर। भाजपा सरकार के सत्ता पर काबिज होने व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने के बाद किन्नौर में कांग्रेस विधायक पर जिला भाजपा हावी होने की जुगत में है। पूर्व कांग्रेस सरकार में जिला किन्नौर में कांग्रेस विधायक की तूती बोलती थी। आज हालात बदले हैं और सत्ता पर भाजपा काबिज है और किन्नौर जिले से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी विधायक चुनकर आए हैं। भाजपा नेता तेजवंत किन्नौर से विधानसभा चुनाव हार चुके हैं। ऐसी स्थिति में अब किन्नौर जिला भाजपा स्थानीय विधायक पर हावी होने के लिए तैयारी में जुटी है, ताकि क्षेत्र में विकास कार्य कराने में अहम भूमिका निभाई जा सके।
किन्नौर जिला भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने की तैयारी कर रहा है, ताकि जिला किन्नौर के गंभीर मसलों को लेकर चर्चा की जाए। बताते हैं कि तीनों भाजपा मंडलों के नेताओं से विस्तार से विचार-विमर्श होगा और इसके बाद मुख्यमंत्री से जिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल मिलेगा। जिला भाजपा के नेता सबसे अहम मसले सिंगल लाइन एडमिस्ट्रेशन का उठाएंगे। सरकार के बदलते ही टीएसी के अध्यक्ष जनजातीय मंत्री को बनाया जाता है। इसके बाद टीएसी की बैठकों में जनजातीय क्षेत्रों के विकास से संबंधित प्रस्तावों को हरी झंडी दी जाती है। सरकार के बदलते ही टीएसी के सदस्यों में भी तुरंत प्रभाव से बदलाव होना स्वाभाविक है। इसके अलावा जिला किन्नौर में कई बिजली प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं या फिर प्रोजेक्टों में काम किया जा रहा है। इन प्रोजेक्टों से प्रभावित लोगों और क्षेत्रों के विकास पर लाडा की राशि व्यय की जानी है। बताते हैं कि कई क्षेत्रों में लाडा फंड खर्च नहीं किया गया। लाडा के फंड के खर्चे का हिसाब कंपनियों से मांगा जाएगा। मुख्यमंत्री से यह मामला भी उठाया जाएगा कि लाडा का पैसा बिजली प्रोजेेक्टों ने क्यों खर्च नहीं किया। भाजपा नेता और किन्नौर से भाजपा प्रत्याशी तेजवंत नेगी ने कहा कि वे एक बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सिर्फ बधाई देने को मिले थे। अब जिला किन्नौर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही क्षेत्र के विभिन्न मसलों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम से मिलेंगे।