रिकांगपिओ (किन्नौर)। खट्टी-मीठी यादों के साथ चार दिवसीय किन्नौर महोत्सव का वीरवार को रिकांगपिओ के रामलीला मैदान में समापन हो गया। उपायुक्त किन्नौर डा. नरेश कुमार लट्ठ ने मेले के झंडे को उतारकर विधिवत समापन किया। मुख्य अतिथि ने लोकनृत्य प्रतियोगिता, एकलगीत और वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में देवी दुर्गा क्लब उरनी ने मारी बाजी। क्लब को 40 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से नवाजा गया। लोक सांस्कृतिक क्लब पांगी को द्वितीय ट्रॉफी के साथ 35 हजार का नकद, लंकरावीर महिला मंडल कल्पा को ट्रॉफी के साथ 30 हजार नकद, वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में नागिन युवा क्लब पानवी को प्रथम ट्रॉफी के साथ 25 हजार नकद, शेशेरिंगनाग सांस्कृतिक क्लब पांगी को द्वितीय ट्रॉफी के साथ 20 हजार नकद, देवी चण्डिका वाद्य ग्रुप कोठी को तृतीय ट्रॉफी के साथ 15 हजार नकद पुरस्कार, लोकगीत प्रतियोगिता में ज्ञान देवी युला प्रथम, रत्ना देवी पांगी द्वितीय और सुमित्रा देवी कल्पा तृतीय रही।
इससे पूर्व समापन समारोह के मुख्य अतिथि डा. नरेश कुमार लट्ठ और उनकी धर्मपत्नी तृप्ता लट्ठ को किन्नौर महोत्सव समिति की और से किन्नौरी टोपी, शॉल और स्मृति चिह देकर सम्मानित किया गया। डीसी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय कलाकारों को मौका दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह चंदन कपूर, उपमंडलाधिकारी नागरिक कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार, भावानगर सुरेंद्र मोहन, सहायक आयुक्त उपायुक्त सुरेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।