फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: ठियोग उत्सव को लेकर हुए ऑडिशन में 110 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

विज्ञापन
ठियोग उत्सव को लेकर संगीत के ऑडीशन लेती निर्णायक कमेटी के सदस्य। संवाद
विज्ञापन
ठियोग उत्सव को लेकर हुए ऑडिशन में 110 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उत्सव की तैयारियों ने पूरे नगर का माहौल सांस्कृतिक रंगों से भर दिया है। दो दिन तक चले ऑडिशन में 110 प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी विधाओं में ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायक मंडल मंत्रमुग्ध रह गए। मंच पर कभी लोक नृत्य की थिरकन गूंज रही थी, तो कभी एकल नृत्य की भाव भंगिमाएं दिल जीत रही थीं। लोक वाद्ययंत्रों से लेकर सुरमयी गायन तक, हर प्रस्तुति में ऊर्जा और समर्पण झलक रहा था। इस बार की प्रतियोगिता की विशेषता रही कला का व्यापक विस्तार नाटी, पंजाबी और बॉलीवुड गीतों की भरमार ने ऑडिशन को रंगीन बना दिया। भाषण और हास्य प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी वाकपटुता और बुद्धिमत्ता से सबका ध्यान खींचा। आयोजन समिति का कहना है कि आने वाले दिनों में ये प्रतिभाएं मुख्य मंच पर दर्शकों के सामने अपनी कला का जलवा बिखेरेंगी। मुख्य संयोजक महिंदर राठौर ने ऑडिशन को बेहतरीन बताया। इस मौके पर चयनकर्ताओं में जिला भाषा अधिकारी डाॅ. अनिल हांटा, डीपीआरओ से सिंपल सपलानी, ड्रामा निरीक्षक किशोर और नगर परिषद से दिनेश शर्मा शामिल रहे। बुधवार को एसडीएम शशांक गुप्ता और नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठक में फाइनल में पहुंचे प्रतिभागियों का फैसला होगा। दो दिन तक ऑडिशन के दौरान ढोलक पर मनोज और हार्मोनियम पर कपिल ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इनकी संगत ने नृत्य और गायन की हर प्रस्तुति में लय, जोश और संस्कृति की मिठास भर दी। आयोजकों का मानना है कि ठियोग उत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह एक ऐसा पर्व है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। दर्शकों को उम्मीद है कि फाइनल राउंड में यह संगम और भी भव्य रूप में देखने को मिलेगा।

ठियोग उत्सव को लेकर संगीत के ऑडीशन लेती निर्णायक कमेटी के सदस्य। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें