अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी ने की है धांधली
युकां ने लगाया आरोप, प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जांच न करने पर युवा कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। इस बार अंतरराष्ट्रीय लवी मेला में मेला कमेटी की ओर से की गई धांधली को लेकर सोशल मीडिया में ऑडियो जारी हुआ है, जो बहुत ही शर्मनाक है। यह बात युवा कांग्रेस रामपुर अध्यक्ष जसवीर ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो क्लिप में व्यापारियों से लेनदेन की बात सामने आई है। उन्होंने मेला कमेटी पर आरोप लगाया है कि इस धांधली की जांच होनी चाहिए, ताकि जो इस धांधली में शामिल हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदेश सरकार ने इसकी निष्पक्ष जांच नहीं करवाई तो युवा कांग्रेस एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। इस बार प्रदेश में भाजपा सरकार ने अंतरराष्टीय लवी मेला का स्तर गिरा दिया है जिसका खामियाजा रामपुर विधान सभा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
इस दौरान पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ऐसी क्या मजबूरी रही, जो भाजपा समर्थित पार्षद को अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी में लिया गया। इससे पहले पूर्व कांग्रेस सरकार में सभी पार्षदों को शामिल किया जाता था, लेकिन इस बार मेला कमेटी ने नगर परिषद के पार्षदों को मेला कमेटी में शामिल न करके अन्य भाजपा के नेताओं को शामिल किया गया था।
इस मौके पर उपाध्यक्ष सोनू भलूनी, लोकसभा महासचिव राहुल सोनी, लोकसभा महासचिव अंकुर शर्मा,जतिन मेहता, अश्वनी शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।