अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। मौसम के करवट बदलते ही समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। बुधवार को सुबह से ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्र में वर्षा का क्रम शुरू हो गया। दिन भर यही सिलसिला चलता रहा है। वहीं हिमपात होने के कारण रोहड़ू-शिमला मार्ग पर परिवहन निगम की बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार सुबह से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। जिस कारण निगम की लंबे रूट की बस सेवाएं काफी प्रभावित हुईं। सुबह सात बजे शिमला के लिए परिवहन निगम की एक बस तो गई लेकिन उसके बाद निगम की बसें खड़ापत्थर में फंसनी शुरू हो गई थीं। बर्फबारी से शिमला के करीब छह रूट प्रभावित हुए हैं। वहीं शिमला से रोहड़ू के लिए आई बसें भी आधे रास्ते में फंसी रही। बर्फबारी से डोडराक्वार संपर्क मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है लेकिन क्षेत्र के अधिकांश लोकल रूटों पर दिन भर निगम की सेवाएं चलती रहीं। इस संबंध में पथ परिवहन निगम रोहड़ू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि बर्फबारी के कारण जुब्बल से खड़ापत्थर के बीच में वाहन फंस रहे हैं। बर्फ गिरने से सड़क पर फिसलन आ गई है। जिससे लंबे रूटों पर बस सेवा प्रभावित हुई है। क्षेत्र के लगभग सभी रूटों पर निगम की बस सेवाएं नियमित रुप से चल रही हैं।